जयपुर दक्षिण पुलिस की बड़ी कामयाबी, अन्तर्राज्यीय नकबजन गिरोह का पर्दाफाश
जयपुर दक्षिण जिले में चोरी और नकबजनी की वारदातों पर लगाम कसते हुए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विधायकपुरी थाना पुलिस, साई ना पुलिस, साईबर सेल जयपुर दक्षिण एवं जिला स्पेशल टीम जयपुर दक्षिण की संयुक्त कार्रवाई में एक अन्तर्राज्यीय शातिर नकबजन गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। इस कार्रवाई में गैंग के दो कुख्यात बदमाशों को दिल्ली और बिजनौर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) श्री राजर्षि राज, IPS ने बताया कि दिनांक 28 जनवरी 2026 की रात भागीरथ कॉलोनी स्थित एक मकान में सेंध लगाकर लाखों रुपये की ज्वैलरी और नकदी चोरी की गई थी। इस संबंध में विधायकपुरी थाने में प्रकरण संख्या 33/2026 धारा 305(1), 331(4) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा, RPS के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने करीब 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साईबर सेल की तकनीकी सहायता से आरोपियों को ट्रैक किया। इसके बाद दिल्ली के मयूर विहार और बिजनौर (यूपी) में दबिश देकर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 25 लाख रुपये की नकदी और ज्वैलरी बरामद की गई है। मुख्य आरोपी शान मोहम्मद एक कुख्यात अपराधी है, जिसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, लूट, आर्म्स एक्ट सहित 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं और उसे दो बार सजा भी हो चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले सूने मकानों की रेकी करते थे, वारदात के दौरान चोरी की नंबर प्लेट का इस्तेमाल करते और बाद में माल आपस में बांट लेते थे। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जयपुर दक्षिण पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।