रघु शर्मा का हमला, गौतम ने गिनाईं उपलब्धियां

अजमेर/केकड़ी। राजस्थान सरकार के हालिया बजट को लेकर केकड़ी में सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। पूर्व केबिनेट मंत्री एवं केकड़ी विधायक रघु शर्मा और वर्तमान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बजट पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दी है। इंडिया दस्तक न्यूज 24 के रिपोर्टर सरफराज गोरी ने दोनों नेताओं से दूरभाष पर बातचीत की।

पूर्व मंत्री रघु शर्मा ने बजट को दिशाहीन और निराशाजनक बताते हुए कहा कि इसमें महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए कोई ठोस घोषणा नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि यह सरकार का तीसरा बजट है, जबकि पिछले दो बजट की घोषणाएं भी पूरी नहीं हुईं। शर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार ने आधा कार्यकाल टेंडर प्रक्रियाओं में निकाल दिया, लेकिन धरातल पर कार्य नजर नहीं आता।

उन्होंने यह भी कहा कि अब सरकार के पास केवल दो बजट शेष हैं, जिनमें से एक चुनावी बजट होगा। केकड़ी विधानसभा क्षेत्र को इस बजट से निराशा हाथ लगी है। साथ ही उन्होंने बजट की थीम ‘2047’ रखने पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इससे वर्तमान मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश की गई है।

वहीं, वर्तमान विधायक शत्रुघ्न गौतम ने बजट को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि केकड़ी में मिनी सचिवालय की घोषणा, सरवाड़ में नदी कार्य के लिए 13 करोड़ रुपये सहित क्षेत्र के विकास के लिए कई करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। गौतम ने विश्वास जताया कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में केकड़ी के विकास में कोई कमी नहीं आएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जिला बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम जल्द उठाए जाएंगे।

बजट को लेकर दोनों नेताओं के विपरीत बयानों से केकड़ी की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

इंडिया दस्तक न्यूज 24, अजमेर

रिपोर्टर – सरफराज गोरी

Related Articles