बजट में फिर निराश टोंक, रेलवे पर नहीं मिली सौगात

टोंक। राजस्थान के आज पेश हुए बजट में एक बार फिर टोंक जिले को रेलवे परियोजना से वंचित रखे जाने पर स्थानीय स्तर पर निराशा देखी जा रही है। वर्षों से रेलवे कनेक्टिविटी की मांग कर रही टोंक की जनता को इस बजट से भी कोई राहत नहीं मिली।

टोंक में रेलवे लाइन की मांग लंबे समय से उठती रही है। इस मुद्दे को लेकर विभिन्न संगठनों द्वारा समय-समय पर आंदोलन और ज्ञापन भी दिए गए हैं। रेलवे संघर्ष समिति के अध्यक्ष अकबर खान लगातार इस मांग को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को 10 और 11 तारीख को ज्ञापन सौंपे गए, जिनमें टोंक को रेलवे से जोड़ने की मांग दोहराई गई।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि डबल इंजन सरकार से इस बार बजट में सकारात्मक घोषणा की उम्मीद थी, लेकिन रेलवे के नाम पर टोंक जिले को कोई नई सौगात नहीं मिली। इसे जिले की जनता के लिए निराशाजनक बताया जा रहा है।

हालांकि, रेलवे संघर्ष समिति और जनप्रतिनिधियों ने भरोसा जताया है कि प्रयास जारी रहेंगे और आने वाले समय में टोंक को रेलवे कनेक्टिविटी जरूर मिलेगी। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे निराश न हों और अपने अधिकार की इस मांग को लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती से उठाते रहें।

टोंक जिला ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles