उत्कृष्ट सेवा पर 11 पुलिसकर्मी डीजीपी डिस्क से सम्मानित

जयपुर। पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने पुलिस आयुक्तालय में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले 11 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को डीजीपी डिस्क एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मानित होने वालों में 3 अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, 1 सहायक पुलिस आयुक्त, 1 पुलिस उप अधीक्षक, 2 पुलिस निरीक्षक और 4 कांस्टेबल शामिल हैं। इस दौरान पुलिस आयुक्त ने सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि डीजीपी डिस्क विशेष कार्य करने वालों को ही प्रदान की जाती है और यह उनके समर्पण व मेहनत का सम्मान है।

उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान से न केवल कार्य करने वालों का उत्साह बढ़ता है, बल्कि अन्य पुलिसकर्मियों को भी प्रेरणा मिलती है। भविष्य में भी सभी अधिकारी लगन और निष्ठा के साथ जनता की सेवा करते रहें, यही अपेक्षा है।

सम्मान पाने वालों में रानू शर्मा, मिताली गर्ग, डॉ. हेमंत कुमार, नारायण कुमार बाजिया, मोहम्मद इस्लाम खान, गुंजन वर्मा, भजन लाल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

इस अवसर पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

Related Articles