सांवलियाजी मंदिर में देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने की पूजा-अर्चना

चितौड़गढ़, 28 दिसंबर। पशुपालन, डेयरी, गोपालन एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत रविवार को चित्तौड़गढ़ जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने अपने प्रवास की शुरुआत प्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलिया सेठ मंदिर में दर्शन-पूजन के साथ की। मंत्री कुमावत ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान सांवलिया सेठ के चरणों में माथा टेकते हुए प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और शांति की कामना की।

मंत्री के मंदिर आगमन पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु बनी रही। दर्शन के पश्चात मंदिर के पुजारी द्वारा मंत्री जोराराम कुमावत का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्हें प्रसाद स्वरूप चरणामृत और तुलसी प्रदान की गई तथा उपरणा ओढ़ाकर सम्मान किया गया।

देवस्थान मंत्री ने मंदिर में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मंदिर प्रबंधन से दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर संक्षिप्त जानकारी ली।

सुमेरपुर से सीधे सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे मंत्री जोराराम कुमावत के साथ समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। दर्शन-पूजन के बाद मंत्री मेवाड़ कुमावत समाज के एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना हुए, जहां समाज के लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

Related Articles