शाहपुरा में 2.9 किलो डोडा पोस्त के साथ युवक गिरफ्तार

जयपुर ग्रामीण: जिले में चल रहे “ऑपरेशन नॉकआउट” अभियान के तहत शाहपुरा थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक नशा कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2.924 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त चूरा और 9,290 रुपये नकद बरामद किए हैं।

उप महानिरीक्षक पुलिस सह-पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण राशि डोगरा बूडी ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थ और शराब के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 मार्च 2026 को डीएसटी टीम की सूचना पर शाहपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई की।

पुलिस टीम गश्त के दौरान शाहपुरा क्षेत्र की ढाणी हरदास वाली में पहुंची, जहां एक संदिग्ध युवक बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली तो बैग में डोडा पोस्त चूरा मिला और जेब से मादक पदार्थ की बिक्री के 9,290 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने इस संबंध में कोई लाइसेंस या अनुमति नहीं होने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने आरोपी सूरजमल चौधरी (23) निवासी राडावास को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ के सप्लायर और खरीदारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Related Articles