पीजी छात्रों को भावभीनी विदाई, उज्ज्वल भविष्य की कामना

जयपुर, 8 अप्रैल 2026। राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में स्नातकोत्तर (पीजी) बैच 2022-23 के चिकित्सकों के लिए “स्नातकोत्तर दीक्षांत एवं विदाई समारोह” का आयोजन संस्थान के ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में संस्थान के चिकित्सक, शिक्षक, अधिकारी एवं पीजी स्कॉलर्स बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर संजीव शर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद के क्षेत्र में इन युवा चिकित्सकों की भूमिका समाज के स्वास्थ्य संवर्धन में अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, सेवा और अनुसंधान के माध्यम से देश-विदेश में आयुर्वेद को नई पहचान दिलाने के लिए प्रेरित किया।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और संस्थान में बिताए गए अपने अनुभव साझा किए, जिससे माहौल भावुक हो गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

डीन पीजी प्रोफेसर गोपेश मंगल ने भी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके सफल जीवन की कामना की।

समारोह का समापन हर्षोल्लास और भावनात्मक माहौल के बीच हुआ।

Related Articles