जयपुर, 8 अप्रैल 2026। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की हनुमानगढ़ इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नोहर क्षेत्र में एक राजस्व पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है, जो पटवार मण्डल जबरासर, तहसील नोहर, जिला हनुमानगढ़ में कार्यरत था।
एसीबी के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी को शिकायत मिली थी कि आरोपी पटवारी परिवादी के पिता और चाचा के नाम वसीयत से इंतकाल दर्ज करने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। उपमहानिरीक्षक पुलिस श्री भूवण भूषण यादव के सुपरविजन में एसीबी हनुमानगढ़ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुधा पालावत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को 12,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
कार्रवाई एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक श्रीमती एस. परिमला के निर्देशन में की गई। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।