जयपुर में चैन स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश, 24 घंटे में खुलासा

जयपुर। शहर में बढ़ती चैन स्नेचिंग की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना वैशाली नगर की टीम ने दो शातिर स्नेचर्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर एक आरोपी को पहले ही दबोच लिया था, जबकि दूसरे आरोपी को 6 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 31 मार्च 2026 को क्वीन्स रोड स्थित एक जिम के पास सुबह के समय बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली थी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर तीन विशेष टीमें गठित की—तकनीकी, सीसीटीवी और डाटा कलेक्शन टीम।

जांच के दौरान पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की पहचान की। पहले आरोपी पुष्पेंद्र सिंह गुर्जर को 2 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथी कीमतकर उर्फ किशन शर्मा को 6 अप्रैल को पकड़ा गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई अपाची मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सुबह-सुबह सुनसान इलाकों में घूमते थे और मंदिर जाने वाली महिलाओं या राहगीरों को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग करते थे। वारदात के बाद वे तेज रफ्तार में फरार हो जाते थे।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी जयपुर के अन्य इलाकों जैसे मालवीय नगर, बजाज नगर और शिप्रापथ में भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य साथियों और वारदातों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम की सतर्कता और तेजी से की गई कार्रवाई से शहर में हो रही चैन स्नेचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने में बड़ी सफलता मिली है।

Related Articles