जयपुर, 28 दिसंबर। करौली जिले की हिण्डौन पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और पुख्ता मुखबिरी के आधार पर पुलिस ने क्रिकेट सट्टे के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए चार सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये के सट्टे का हिसाब-किताब और सट्टेबाजी में प्रयुक्त हाईटेक उपकरण बरामद किए गए हैं।
एसपी लोकेश सोनवाल ने बताया कि साइबर सेल करौली की मदद से मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लोकेशन ट्रैकिंग की गई। इसके बाद खेडलीयान का पूरा क्षेत्र में स्थित एक चारदिवारी परिसर में दबिश दी गई। यहां बिग बैश लीग के क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन एप के माध्यम से सट्टा लगवाते हुए आरोपी राजेश उर्फ कल्ला, शोएब उर्फ सोहिब और प्रशांत शर्मा उर्फ कलुवाराम, निवासी हिण्डौन सिटी को गिरफ्तार किया गया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस ने आगे कार्रवाई करते हुए इस सट्टा नेटवर्क के वांछित मुख्य सरगना अमीनुद्दीन खान उर्फ आमीन को करौली के वागुर कुआं क्षेत्र से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया। पुलिस अब सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और करोड़ों रुपये के संभावित टर्नओवर का खुलासा किया जा सके।
छापेमारी में 18 लाख का हिसाब और हाईटेक सामान जब्त
पुलिस छापेमारी में सट्टेबाजी से संबंधित 6 मोबाइल फोन, 18 लाख रुपये का हिसाब-किताब दर्ज कागजात व डायरियां, एक कैलकुलेटर, बिजली बोर्ड, केबल, तीन चार्जर, दो नोटबुक और चार बॉल पेन जब्त किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस नेटवर्क का टर्नओवर करोड़ों रुपये में हो सकता है।
इन पुलिस अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई का नेतृत्व कोतवाली थानाधिकारी महेंद्र सिंह और सदर थानाधिकारी पुरुषोत्तम ने किया। टीम में कांस्टेबल अनिल कुमार, समय सिंह, रामवीर, संजय सिंह, राहुल सिंह, दीपेंद्र सिंह, उदय भान, हेमेंद्र सिंह और चालक श्रीफल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस सट्टा गिरोह के तार अन्य जिलों या राज्यों से जुड़े हैं या नहीं।