जयपुर। राजस्थान पुलिस के तहत पुलिस थाना एयरपोर्ट जयपुर पूर्व ने एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 38 संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। विभिन्न ठिकानों पर दबिश देकर की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि जिले में हार्डकोर अपराधियों, गैंगस्टर्स, हिस्ट्रीशीटर, इनामी अपराधियों एवं स्थायी वारंटियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सभी थानाधिकारियों को अधिक से अधिक अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे।
इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त विनोद शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी रूपनारायण यादव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया। टीम ने करीब 6 ठिकानों पर दबिश देकर 38 संदिग्धों को डिटेन कर गिरफ्तार किया।
अभियान के दौरान 13 आरपीजीओ की कार्रवाई करते हुए 2 मुल्जिमों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
इस विशेष अभियान में पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे, जिन्होंने समन्वय के साथ कार्रवाई को सफल बनाया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके और आमजन में सुरक्षा का विश्वास बना रहे।