जयपुर। पुलिस थाना श्याम नगर, जयपुर दक्षिण ने दुष्कर्म, धमकी और स्त्रीधन हड़पने के गंभीर मामले में आरोपी अतुल सैन उर्फ अशोक शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती की जाति छिपाकर स्वयं को ब्राह्मण बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं और बाद में उसे डराकर शारीरिक शोषण किया।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज (आईपीएस) ने बताया कि 02 नवम्बर 2025 को पीड़िता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए एक लाइब्रेरी जाती थी, जहां लाइब्रेरी संचालक अतुल शर्मा ने रिकॉर्ड के नाम पर उसका मोबाइल नंबर लिया। कुछ समय बाद आरोपी लगातार कॉल और मैसेज कर परेशान करने लगा तथा झूठे बहानों से बातचीत बढ़ाई।
पीड़िता के अनुसार आरोपी ने बेटी को जान से मारने और समाज में बदनाम करने की धमकी देकर उससे 42 हजार रुपये नकद और करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने (सोने की चैन, मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठियां, चांदी की बिछिया आदि) जबरन ले लिए। धमकियों के चलते आरोपी ने उसके साथ बलात्कार भी किया।
इस संबंध में थाना श्याम नगर में प्रकरण संख्या 603/2025 अंतर्गत धारा 64(2) BNS में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के मार्गदर्शन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सुनील प्रसाद शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी दलबीर सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी विश्लेषण व साक्ष्य जुटाकर आरोपी को गिरफ्तार किया। फिलहाल प्रकरण में अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण
नाम: अतुल सैन उर्फ अशोक शर्मा
पिता का नाम: श्री बच्चूसिंह
उम्र: 32 वर्ष
जाति: नाई
निवासी: सिरसई मोहल्ला, कुम्हैर, भरतपुर
वर्तमान पता: किरायेदार, सिद्धार्थ नगर, थाना एयरपोर्ट, जयपुर
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलित है।