जयपुर। आमेर थाना पुलिस ने जापान की एक महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना आमेर महल और जयगढ़ किले के पास की है, जहां पर्यटक के साथ 3-4 युवकों द्वारा अभद्रता की गई थी।
पुलिस उपायुक्त करण शर्मा ने बताया कि 7 अप्रैल 2026 को दर्ज रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा संख्या 141/26 धारा 74 बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
आरोपियों की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नीरज कुमार पाठक के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त सुरेन्द्र सिंह राणावत के सुपरविजन में थाना आमेर के थानाधिकारी डॉ. गौतम डोटासरा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने आमेर महल और जयगढ़ किले के आसपास तथा जयपुर शहर की ओर जाने वाले रास्तों पर लगे करीब 250-300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर संदिग्ध वाहनों की पहचान कर आरोपियों को चिन्हित किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अमुम्दीन उर्फ आमिर (24) निवासी रामगंज, जयपुर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने कहा कि विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।